भोपाल। संसद का मानसून सत्र कई दिनों से लगातार बाधित हो रहा है। इस बाधा के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी रोज झूठ बोल रहे हैं। उनके व्यवहार से दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। इसलिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। राहुल अपने ही पार्टी के अन्य सदस्यों का अपमान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि राहुल गांधी बीते 15 दिन से संसद की लगातार कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। नित नए झूठे हथकंडे लगाकर देश को-सांसदों और समाज का भ्रमित कर रहे हैं। मैं बड़ी जवाबदारी से कहना चाहूंगा कि यह गलत है। विपक्ष गृह मंत्री जवाब दें-गृह मंत्री जवाब दें, कहकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है। विपक्ष एक बात पर टिक ही नहीं पा रहा। नीट की बात करते-करते गोली चलाने की बात पर पहुंच गए। जब गोली चली ही नहीं तो, उसकी बात कैसे होगी।

भारत की साख गिरा रही कांग्रेस

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की बात करते हैं, लेकिन झारखंड के मसले को लेकर यूपी पहुंच जाते हैं। इस तरह से कार्यवाही नहीं चलती। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए और नेता प्रतिपक्ष होने के नाते सदन में बात करनी चाहिए। उनके निंदनीय व्यवहार से दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा गिरती है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। इसलिए भावी पीढ़ी के लिए भी अच्छा होगा कि हम अपने आचरण से मर्यादा बनाकर चलें। उन्होंने कहा कि रोज नया झूठ बोलने और चालाकियां करने से कोई प्रभाव नहीं पड़ता। जनता सब जानती है। उनकी हरकतों की वजह से कांग्रेस के दूसरे नेताओं का भी अपमान होता है। मुझे उम्मीद है कि वे अपने आचरण को भविष्य में सुधारेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m