चंकी बाजपेयी, इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर पहुंचे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री इंदौर मेट्रो के विस्तारित चरण की शुरुआत भी करेंगे। अब तक इंदौर में मेट्रो ट्रेन करीब 6 किलोमीटर के दायरे में संचालित हो रही थी, लेकिन आज से इसका दायरा बढ़कर करीब 17 किलोमीटर हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विधिवत रूप से विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे।

इंदौर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज इंदौर को एक नई सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले मेट्रो की शुरुआत के बाद अब इसका विस्तार 17 किलोमीटर तक किया जा रहा है, जो बेहद प्रसन्नता की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर प्रदेश का आर्थिक रूप से समृद्ध और महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में शहर के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में मेट्रो एक महत्वपूर्ण साधन साबित होगी। मुख्यमंत्री ने इंदौरवासियों को मेट्रो की इस नई सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं।

इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। कार्यक्रम में राहुल गांधी के शामिल होने की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी मध्यप्रदेश आ रहे हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन कांग्रेस को अपने शासनकाल में युवाओं के साथ हुए अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 1955 से 2003 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन उस दौरान किसान, महिला और युवाओं की स्थिति क्या थी, कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।

सीएम ने आगे कहा कि “राहुल  गांधी इंदौर आएं, मध्यप्रदेश में उनका स्वागत है, लेकिन कांग्रेस के अधीन के समय जो युवाओं के साथ अन्याय किया है, उसके ऊपर माफी मांगें।आप आंकड़े उठाकर देख लो, अगर कांग्रेस की 1955 से लेकर 2003 तक सरकार थी, तो राज्य के अंदर किसान, महिला, युवा सबकी हालत क्या थी। अकेले बिजली का आंकड़ा केवल 5 हजार मेगावाट था। हमारी सरकार में शिवराज जी बाबूलाल जी गौड़, उमा  भारती के समय में लाकर के ये 25 हजार मेगावॉट तक गया है। हमारी ढाई साल में 31 हजार मेगावॉट तक बढ़ा है।

बेरोजगारी की दर, व्यक्तिगत शिक्षा के आधार से 55 साल में प्रति व्यक्ति आय केवल 11 हजार 700 रुपये थी। आज एक लाख 67 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय है। कांग्रेस अतीत के अपने कर्मों की माफी मांगे।” आज शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m