शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार 11 अगस्त को मंत्रालय से प्रदेश के लाखों पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 311 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से अंतरित किए। यह राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दी गई।

मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद हितग्राहियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। समर्पण भाव से सबकी सेवा हमारा धर्म है और अंत्योदय ही हमारा अंतिम लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, नारी शक्ति और किसानों के लिए ऐतिहासिक काम किए जा रहे हैं..

कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में जुलाई 2026 की पेंशन राशि के रूप में 211 करोड़ 53 लाख रुपये भेजे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन की राशि भले छोटी हो, लेकिन इससे मिलने वाला सहारा बहुत बड़ा होता है। बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान से ही सरकार को लोक कल्याण के लिए बेहतर काम करने की नई ऊर्जा मिलती है। त्योहारों के अवसर पर सबसे पहले बुजुर्गों को पेंशन देना ही सरकार का संकल्प है।

इसी के साथ श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक बहनों के खातों में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल की प्रोत्साहन राशि भी अंतरित की। इसके तहत 99 करोड़ रुपये की दो माह की सब्सिडी महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा सावन बहनों का महीना होता है। बहनें खुश होंगी तो घर में रौनक होगी। इसलिए हमने रक्षाबंधन का उपहार अभी से देना शुरू कर दिया है। बहनों के कल्याण में सरकार कोई कमी नहीं रखेगी। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की बधाई देते हुए हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील भी की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m