राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चुनावी हार को लेकर कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। सीएम मोहन यादव ने दो टूक कहा है कि लगातार पराजय के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना और हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बिल्कुल उचित नहीं है। कांग्रेस को आयोग पर आरोप लगाने के बजाय अपनी संगठनात्मक कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
हार में आयोग दोषी, जीत में सही क्यों?
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के माध्यम से कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश और केरल में सरकार बनाने का अवसर मिला, उसी संवैधानिक प्रक्रिया पर अन्य राज्यों में हार के बाद लगातार सवाल क्यों उठाए जाते हैं? यदि प्रक्रिया पर ही अविश्वास है, तो उन राज्यों की जीत का क्या अर्थ है? सीएम ने कहा कि कांग्रेस को यह आत्ममंथन करना चाहिए कि वह तमिलनाडु में लंबे समय से कमजोर क्यों है, पश्चिम बंगाल में दशकों से सत्ता से बाहर क्यों है तथा उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे बड़े राज्यों में उसका जनाधार लगातार क्यों सिमट रहा है? इन सवालों के जवाब आयोग को दोष देने से नहीं, बल्कि पार्टी संगठन और नेतृत्व की कमियों को सुधारने से मिलेंगे।
संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा सर्वोपरि
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां पूरी चुनावी प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के तहत संपन्न होती है। लगातार हार के बाद देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास लोकतंत्र के हित में नहीं है।
पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर देश का मान-सम्मान बढ़ाने वाले पीएम मोदी की लोकप्रियता को कम करने के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि वे संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप मढ़ने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का विश्वास जीतने पर ध्यान दें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

