Odisha Desk : ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य मुलाकात की. इस महत्वपूर्ण बैठक में ओडिशा की विकास परियोजनाओं, राज्य की प्राथमिकताओं और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई. दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का अन्य वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों से भी मिलने का कार्यक्रम है.

रेल और सूचना प्रौद्योगिकी परियोजनाओं पर चर्चा

गृह मंत्री से मुलाकात से ठीक पहले मुख्यमंत्री मोहन माझी ने केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी भेंट की. मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए बताया कि बैठक के दौरान ओडिशा में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर (रेल बुनियादी ढांचे) के विकास और नई रेल लाइनों के तेजी से क्रियान्वयन पर सकारात्मक बातचीत हुई. वहीं राज्य में रेल और संचार व्यवस्था को मजबूत करने, क्षेत्रीय और औद्योगिक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया.

‘विकसित ओडिशा’ के निर्माण का लक्ष्य

मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि औद्योगिक और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार से राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन में एक ‘विकसित एवं समृद्ध ओडिशा’ के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है.

केंद्र और राज्य के बीच यह बेहतर समन्वय ओडिशा के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में काफी मददगार साबित होगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H