ODISHA DESK, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ से सम्मानित किया गया है। स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान वहां के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने पीएम मोदी को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा। प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने की प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना
मुख्यमंत्री माझी ने अपने बधाई संदेश में लिखा “जहां दूरदर्शिता के साथ संकल्प का मिलन होता है, वहां पूरे विश्व की नजरें ठहर जाती हैं। स्लोवाकिया का यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को सुदृढ़ करने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया भर में सम्मान, विश्वास और प्रशंसा बटोर रहा है।”
इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान को प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति, वहां की सरकार और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस वैश्विक सम्मान को भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार दोनों देशों के बीच के गहरे और अटूट मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक है।
‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ स्लोवाकिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो मुख्य रूप से कूटनीति, राजनीति और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाली वैश्विक हस्तियों को प्रदान किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत और स्लोवाकिया के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने में उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए दिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा साझा किया गया यह संदेश न केवल प्रधानमंत्री की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते हुए गौरव, प्रभाव और कूटनीतिक सफलता को भी मजबूती से रेखांकित करता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

