Odiaha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को ‘फ्लाईदुबई’ (Flydubai Flight FZ1073) के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) की अदम्य साहस, जांबाजी और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की। कैप्टन मच्छार ने बीच हवा में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अपनी जान जोखिम में डालकर 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाई थी।

मुख्यमंत्री माझी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए कैप्टन मच्छार की वीरता को भारतीय संस्कृति के महान मूल्यों से जोड़ा।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लिखा:

“कैप्टन स्मित मच्छार का असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण गहराई से प्रेरित करने वाला है। गंभीर चोटें आने के बावजूद उन्होंने अपनी जान से पहले दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उनका यह निस्वार्थ त्याग भारतीय दर्शन के ‘सेवा परम धर्म:’ के शाश्वत विचार को दर्शाता है। मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं कैप्टन मच्छार और उनके परिवार के साथ हैं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ उन्हें शक्ति, आरोग्य और शीघ्र पूर्ण स्वस्थ प्रदान करें।”

क्या थी पूरी घटना ?

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के दौरान कॉकपिट के भीतर सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी कैप्टन मच्छार ने सूझबूझ दिखाई और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे केबिन क्रू और यात्रियों ने हमलावर को काबू में कर लिया।

कैप्टन मच्छार की इसी समय पर दिखाई गई वीरता के कारण एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। वर्तमान में कैप्टन मच्छार का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H