Odisha Derk, भुवनेश्वर: रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी 22 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित होने वाले ‘इंडिया केम 2026’ सम्मेलन में भाग लेंगे। दो दिवसीय मुंबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 20 से अधिक प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक-से-एक बैठक करेंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री माझी केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन सत्र और सीईओ राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य ओडिशा की औद्योगिक क्षमताओं, प्रगतिशील नीतियों और संसाधनों के लाभ को प्रदर्शित कर राज्य को रसायन एवं पेट्रोकेमिकल विनिर्माण का पसंदीदा गंतव्य बनाना है।
ओडिशा की भागीदारी का मुख्य आकर्षण कोल गैसीफिकेशन पर प्रस्तुति होगी, जो राज्य के लिए औद्योगिक अवसर का एक उभरता हुआ क्षेत्र है। इसके अलावा, राज्य में रसायन, पेट्रोकेमिकल्स, प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योगों के लिए एक विशाल समर्पित केमिकल इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने की योजना की घोषणा भी की जा सकती है।
ओडिशा सरकार के उद्योग, गृह तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने कहा कि हाल ही में जाजपुर में आयोजित कार्यक्रम में 4,136 करोड़ रुपये के 9 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इंडिया केम 2026 में भागीदारी से निवेशकों के साथ सीधे जुड़ने और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
सीएमओ के बयान के अनुसार, ओडिशा ने अब तक रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में 56 कंपनियों को आकर्षित किया है। ये कंपनियां कुल 1,93,087.94 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव लेकर आई हैं, जिससे 1,12,324 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
इनमें से 60,825.34 करोड़ रुपये के निवेश वाले 27 प्रोजेक्ट्स पहले ही धरातल पर उतारे जा चुके हैं या उनका उद्घाटन किया जा चुका है, जिनसे 35,351 नौकरियां सृजित हुई हैं। इस सम्मेलन में ओडिशा राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु के साथ भाग ले रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

