Odisha Desk, भुवनेश्वर: भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में ओडिशा ने एक बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित ‘सेमिकॉन इंडिया 2026’में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शिरकत की। केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में विशेष ‘ओडिशा पवेलियन’ का भव्य उद्घाटन किया।
यह ‘ओडिशा पवेलियन’ राज्य के सेमीकंडक्टर रोडमैप और तकनीकी सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। इसमें सेमीकंडक्टर निर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइनिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में ओडिशा की प्रमुख परियोजनाओं, नीतिगत प्रोत्साहनों, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया है।
ओडिशा सरकार राज्य में एक बेहतर और अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार कर रही है, ताकि पूंजी निवेश, नवाचार और कुशल रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित कर भारत की सेमीकंडक्टर क्रांति का एक अभिन्न हिस्सा बना जा सके।
‘सेमिकॉन इंडिया 2026’ दुनिया भर के सेमीकंडक्टर दिग्गजों, निवेशकों और तकनीकी सहयोगियों को एक मंच पर लाने का एक प्रमुख माध्यम है। नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मोहन माझी वैश्विक उद्योग विशेषज्ञों, संभावित निवेशकों और टेक लीडर्स के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे।
इन बैठकों में मुख्यमंत्री ओडिशा की औद्योगिक नीतियों, राज्य सरकार द्वारा दी जा रही नीतिगत सहायता और उपलब्ध नए अवसरों को विशेष रूप से प्रस्तुत करेंगे, जिससे राज्य में भारी विदेशी व घरेलू निवेश आकर्षित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



