Odisha Desk, भुवनेश्वर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के नागरिकों से योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित एक भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए योग बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि योग को ओडिशा के हर घर तक पहुंचाकर एक जन-आंदोलन बनाना होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और बुजुर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। युवाओं को सीधा संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “अपने मोबाइल को छोड़िए और योग मैट थामिए… सोशल मीडिया पर समय गंवाने के बजाय रोज 20 से 30 मिनट योग का अभ्यास करें।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बढ़ती उम्र के साथ बीपी, तनाव और कई बीमारियां घेर लेती हैं, इसलिए बूढ़ा होने से पहले खुद को फिट रखना जरूरी है। उन्होंने बुजुर्गों के लिए योग को बढ़ती उम्र की सबसे अचूक दवा बताया और कहा, “दवाई खाने से पहले योग को अपनी आदत बनाएं।”
राज्य में योग को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं-
ओडिशा के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में अब योग के अध्यायों को शामिल किया जाएगा।
खोरधा जिले के जटनी के पास बिंझगिरी में 20 एकड़ भूमि पर एक समर्पित योग संस्थान की स्थापना की जाएगी।
इसके अलावा, राज्य में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए तीन नए आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जाएगी।
योगा फॉर हेल्दी एजिंग
इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग) का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यह बेहद प्रासंगिक है। योग जीवन में सकारात्मकता और मानसिक शांति लाता है। उन्होंने इस वैश्विक पहचान का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को दिया, जिन्होंने भारत की इस अनमोल सांस्कृतिक विरासत को पूरी दुनिया की जीवनशैली से जोड़ दिया है।
कलिंगा स्टेडियम में उमड़ी भारी भीड़ पर खुशी जताते हुए सीएम माझी ने अपने ‘X’ हैंडल पर लिखा कि छात्रों, खिलाड़ियों, माताओं और वरिष्ठ नागरिकों की स्वतःस्फूर्त भागीदारी यह साबित करती है कि योग अब ओडिशा के कोने-कोने में एक जन-आंदोलन बन चुका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

