भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आने वाले वर्ष को हम युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रहे हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षा जनवरी-फरवरी में आयोजित कराने की भी योजना है, ताकि युवाओं को अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। आज जब मैंने गार्ड ऑफ ऑनर लिया, तब पुलिस बैंड ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति, मधुर भजनों और दक्षता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। इसे देखते हुए हमने कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व शासन के लिए भी दीपावली से कम नहीं हैं। इसलिए प्रदेश के प्रत्येक जिला पुलिस बल में पुलिस बैंड होना चाहिए।

सीएम डॉ मोहन ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि लगभग 750 पदों पर भर्ती की जा रही है, जिससे आगामी वर्ष में प्रदेशभर में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की परेड भव्यता के साथ आयोजित की जा सकेगी। हमारी सरकार पुलिस विभाग को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ नए संशोधित कानूनों के अनुरूप व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए भी कार्य कर रही है। विवेचना एवं अनुसंधान, न्यायालयों में प्रकरणों के प्रभावी संचालन और अन्य आवश्यक क्षेत्रों में नई भर्तियों सहित विभिन्न स्तरों पर समान रूप से प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही, सरकार पुलिसकर्मियों के व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं के प्रति भी संवेदनशील है और जरूरत के अनुसार उन्हें सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे पुलिस विभाग के प्रति विशेष स्नेह और सम्मान है, क्योंकि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए दिन-रात 24 घंटे जनसेवा में जुटे रहते हैं। वे कई बार अपने घर-परिवार से दूर रहकर पूरी दक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनके इस सेवाभाव के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग और सहयोग भी सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारी माताएं-बहनें भी यहां उपस्थित हैं। हम सभी जानते हैं कि पुलिस सेवा में कार्यरत महिलाओं को अपने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के साथ-साथ ड्यूटी का निर्वहन भी करना पड़ता है। यह उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी दक्षता और समर्पण के साथ निभाती हैं।

उन्होंने बताया कि आज गार्ड ऑफ ऑनर में महिला पुलिसकर्मियों को शामिल कर एक सराहनीय नवाचार किया गया है। मैं इस पहल के लिए संबंधित अधिकारियों को बधाई देता हूं। हमें पुरानी सोच को बदलने की आवश्यकता है। यह मानना उचित नहीं है कि जो कार्य पुरुष कर सकते हैं, वही केवल पुरुषों के लिए संभव हैं। हमारी बहनें और बेटियां भी अपनी योग्यता, दक्षता और सामर्थ्य से प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। विजयादशमी का यह पावन पर्व असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। मेरी कामना है कि यह पर्व हम सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए। सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m