भोपाल/इंदौर। इंदौर में कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोरदार पलटवार किया है। सीएम डॉ. यादव ने इस आयोजन को ‘झूठ की गूंज’ करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी बिना किसी तैयारी के आए और युवाओं के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे गंभीर विषयों पर संवाद करना था, तो केवल गाने-बजाने का आयोजन करने के बजाय राहुल गांधी को तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर बात करनी चाहिए थी।

‘स्कूल शिक्षा का बजट 2 हजार से बढ़कर 38,658 करोड़ हुआ, ड्रॉपआउट रेट शून्य के करीब’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों के आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक प्रदेश में अधिकांश समय कांग्रेस की सरकार रही, तब स्कूल शिक्षा का बजट केवल 2,000 करोड़ रुपये के आसपास था और ड्रॉपआउट दर 16 प्रतिशत थी। आज भाजपा सरकार में शिक्षा बजट बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो चुका है और सांदीपनि विद्यालयों जैसी पहलों से ड्रॉपआउट दर शून्य तक आ चुकी है। उन्होंने सवाल दागा कि क्या कांग्रेस राज में मेधावी छात्रों को लैपटॉप, स्कूटी, साइकिल और गणवेश जैसी सुविधाएं मिलती थीं?

‘स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति, 5 से बढ़कर हुए 33 मेडिकल कॉलेज’

स्वास्थ्य शिक्षा का जिक्र करते हुए सीएम डॉ. यादव ने बताया कि 2002-03 तक राज्य में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे और महज 680 सीटें थीं। अटल जी की सरकार में 1 कॉलेज और जुड़ा, जबकि आज मध्य प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और डॉक्टर की सीटें बढ़कर 7,000 से अधिक हो गई हैं। वहीं, बिजली उत्पादन क्षमता भी 5,000 मेगावाट से बढ़कर आज लगभग 32,000 मेगावाट पहुंच चुकी है।

‘प्रति व्यक्ति आय 1.59 लाख रुपये हुई, 1 लाख से अधिक पदों पर प्रमोशन और नई भर्तियां’

आर्थिक और रोजगार के आंकड़ों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के दौर में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11,000 रुपये थी, जो आज बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। रोजगार के मोर्चे पर पुलिस विभाग में 18,000 पदों पर भर्ती जारी है, स्कूल शिक्षा में 10,000 भर्तियां और 7,000 प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है। सरकार ने 1 लाख से अधिक कर्मचारियों का प्रमोशन किया है और हर साल 1 लाख नए पद सृजित करने की दिशा में काम कर रही है।

‘भ्रम फैलाने के बजाय विकास और उपलब्धियों पर हो तथ्यात्मक संवाद’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम होने का आंकड़ा सामने आया है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष को राज्य की जनता के सामने आने से पहले विकास की वास्तविक तस्वीर और आंकड़े देख लेने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों और उपलब्धियों पर आधारित संवाद ही लोकतंत्र की गरिमा बढ़ाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m