अंबाला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं। शास्त्रों में वैद्यों को ‘नारायण हरि’ कहा गया है, क्योंकि डॉक्टर ही वह व्यक्ति होता है जो मरीज के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का काम करता है और जिस पर मरीज सबसे अधिक भरोसा करता है। वह आईएमए एसोसिएशन, अंबाला द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में चिकित्सा सुविधाएं लगातार सुदृढ़ हुई हैं। पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं और देश तेजी से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना एक अनूठी योजना है, जिसके माध्यम से प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिला है। इस अवसर पर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहीं।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रदेश में पिछले 12 वर्षों के दौरान 17 मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं, जबकि कुछ नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोलना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। वर्ष 2014 से पहले हर साल प्रदेश को लगभग 700 नए डॉक्टर मिलते थे, जबकि अब हर वर्ष 2,500 से अधिक डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ रहे हैं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने डॉक्टरों से संवाद करते हुए कहा कि देशभर में लगभग 1.85 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों में आयुष्मान भारत योजना के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि लोगों को और बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों को अपने उच्च मानदंड निर्धारित करने होंगे। साथ ही टेलीमेडिसिन के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा को भी बढ़ावा देना होगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में 23 नए एम्स मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिनमें हरियाणा को दो एम्स मेडिकल कॉलेज मिले हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के सहयोग से देश और प्रदेश स्वस्थ भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं तथा स्वास्थ्य विभाग लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान आईएमए एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।

इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, आईएमए एसोसिएशन के प्रधान डॉ. सतपाल बहल, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. कोहली, डॉ. अनुराधा बहल, डॉ. पुष्पा गर्ग, डॉ. एन.के. बेदी, डॉ. शीलकांत सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।