मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 66 चुनावी संकल्पों को पूरा करने का दावा किया।

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा से सरकार के विकास कार्यों और चुनावी वादों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है, वहीं हरियाणा में डबल इंजन की सरकार चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 66 को पूरा कर चुकी है, जबकि शेष 151 संकल्पों पर तेजी से काम जारी है।

लाडवा विधानसभा के खेड़ी दाबदलान और घडौली गांव में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा वादों तक सीमित रही, लेकिन जनता से किए गए वादों को पूरा करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने इसी वजह से निकाय चुनावों में भी कांग्रेस को नकार दिया।


मुख्यमंत्री ने दोनों गांवों के लिए विकास योजनाओं की भी घोषणा की। खेड़ी दाबदलान में विकास कार्यों और नए ट्यूबवेल के लिए 21-21 लाख रुपये, जबकि घडौली में जल निकासी व्यवस्था और विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये देने का ऐलान किया। साथ ही सरपंचों की ओर से रखी गई अन्य विकास संबंधी मांगों को भी पूरा करने का भरोसा दिलाया।

नायब सैनी ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सभी सरकारी अस्पतालों में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस सुविधा नि:शुल्क की जा चुकी है। किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है तथा पात्र महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके लिए अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा भी सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना का दायरा बढ़ाते हुए 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की माताओं को भी इसमें शामिल किया गया है। इसके अलावा मिशन बुनियाद और सुपर-100 कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष 270 से अधिक विद्यार्थियों ने आईआईटी, एनआईटी सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश हासिल किया है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा के 60 हजार परिवार इस योजना का लाभ ले चुके हैं और पात्र गरीब परिवारों को केंद्र व राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क 2 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि हर वादे को जमीन पर उतारना है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।