मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अभिनेता रणदीप हुड्डा के बीच चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में एक स्नेहिल मुलाकात हुई, जिसमें हरियाणवी बोली और कला जगत को लेकर चर्चा की गई।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति और बॉलीवुड का खास संगम उस वक्त देखने को मिला, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini से हरियाणा की माटी के लाल और बॉलीवुड अभिनेता Randeep Hooda ने संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान हरियाणवी संस्कृति, प्रदेश की पहचान और कला जगत में हरियाणा की बढ़ती मौजूदगी को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अभिनेता रणदीप हुड्डा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बॉलीवुड के माध्यम से हरियाणवी बोली, संस्कृति और प्रदेश की मिट्टी की खुशबू को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी दमदार अभिनय शैली और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के जरिए रणदीप हुड्डा ने हरियाणा का मान बढ़ाने का काम किया है।

यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि रणदीप हुड्डा लंबे समय से अपने हरियाणवी जुड़ाव और देसी अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। फिल्मों में अपनी मजबूत भूमिकाओं के साथ-साथ वह अक्सर प्रदेश की संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव को खुलकर सामने रखते रहे हैं।
संत कबीर कुटीर में हुई इस स्नेहिल मुलाकात की तस्वीरें और चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा की जा रही हैं, जहां लोग इसे हरियाणा की पहचान और गौरव से जोड़कर देख रहे हैं।

