गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2 अक्टूबर को छुट्टी के दिन गुरुग्राम में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। सीएम ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के दो वरिष्ठ अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। शुक्रवार को आयोजित इस समीक्षा बैठक में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रदूषण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो रही थी, तभी यह कार्रवाई की गई।
लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी पर गिरी गाज
निलंबित किए गए अधिकारियों में गुरुग्राम नॉर्थ की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा और गुरुग्राम साउथ के क्षेत्रीय अधिकारी मुकुल कुमार शामिल हैं। दोनों अधिकारियों पर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर लापरवाही बरतने और स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिकायतों की लगातार अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगा है। बैठक के दौरान इस ढिलाई की बात सामने आते ही मुख्यमंत्री ने दोनों के निलंबन के स्पष्ट आदेश जारी कर दिए।
सड़कों, सफाई और जलनिकासी की प्रगति की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में गुरुग्राम शहर की सड़कों की स्थिति, जलनिकासी व्यवस्था, स्वच्छता, वायु प्रदूषण नियंत्रण और अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री और स्थानीय विधायक भी रहे मौजूद
गुरुग्राम में आयोजित इस हाई-लेवल मीटिंग में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना से विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। सरकार ने साफ संकेत दिया है कि जनता से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

