हरियाणा डेस्क . हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों के बीच जनता को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए मंगलवार को साइकिल यात्रा की।
मुख्यमंत्री सुबह सुखना लेक पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी भी उनके साथ साइकिल पर नजर आए।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया था। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की बचत करने का आह्वान किया था।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों से अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से दोपहिया और चारपहिया वाहनों में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया।

