मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने नगर निगम द्वारा निर्मित लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बने नए फ्रंट ब्लॉक और आधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र (modern physiotherapy center) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से लाजपत नगर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 15 से 20 लाख नागरिकों को बेहतर, त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

आधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र के लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विकसित दिल्ली का आधार सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी का प्रत्येक नागरिक समय पर, सम्मानपूर्वक और आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण तथा सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य अवसंरचना का विस्तार केवल नए भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार राजधानी के स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि हर क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज अपने आसपास ही मिल सके। इस कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही, जंगपुरा से विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक भी उपस्थित रहे।

70 साल पुराने अस्पताल में बढ़ेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल पिछले लगभग 70 वर्षों से स्थानीय निवासियों और प्रवासी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि समय के साथ अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी है, जिसके कारण आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए फ्रंट ब्लॉक और अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र के शुरू होने से मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार मिलेगा। इससे बड़ी संख्या में मरीजों को इलाज के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी (OPD) में प्रतिदिन औसतन 600 से 700 मरीज उपचार के लिए आते हैं।

सरकारी अस्पतालों में डिजिटलाइजेशन और रियलटाइम बेड ट्रैकिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक डिजिटलाइजेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि अब मरीजों के सभी मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जा रहे हैं, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होगी। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में लंबी कतारों से राहत दिलाने के लिए डिजिटल अपॉइंटमेंट प्रणाली लागू की गई है। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों को एकीकृत डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सकें। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार एक लाइव डिजिटल पोर्टल भी विकसित कर रही है, जिसके माध्यम से नागरिक सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध आईसीयू बेड की रियल-टाइम जानकारी देख सकेंगे।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग सहित किसी भी सरकारी विभाग में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  जनता के टैक्स के एक-एक रुपये का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ केवल जनहित के कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। साथ ही नगर निगम के पुराने अस्पतालों के आधुनिकीकरण के लिए सरकार हरसंभव वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर MCD के महापौर प्रवेश वाही ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नगर निगम अस्पतालों को सुदृढ़, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने में लगातार सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार से मिल रहे वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग के कारण नगर निगम के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है और नागरिकों को पहले से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डेकेयर सेंटर से लेकर आधुनिक फिजियोथेरेपी की सुविधा

लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल के नवनिर्मित फ्रंट ब्लॉक में मरीजों और चिकित्सकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। नए भवन में 6 बेड का डे-केयर सेंटर, 12 आधुनिक कंसल्टिंग रूम, कॉन्फ्रेंस रूम तथा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के सहयोग से स्थापित अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र बनाया गया है। पूरे ब्लॉक को वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) बनाया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर और आरामदायक उपचार वातावरण मिल सके। यह नया ब्लॉक आधुनिक नैदानिक सुविधाओं, मरीज-अनुकूल आधारभूत ढांचे और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पूरी तरह संचालित होने के लिए तैयार है। अस्पताल में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र, ENT, शिशु रोग, त्वचा रोग, दंत चिकित्सा, आयुष और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा मरीजों को डिजिटल एक्स-रे, प्रयोगशाला (लैब) जांच और सभी आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m