सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस दौरान आवास मेला-2025 के लकी ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित भी किए गए। खास बात यह रही कि लकी ड्रॉ के विजेताओं में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गजेंद्र यादव का नाम भी शामिल रहा, जिन्हें CM साय ने बधाई दी है।
CM साय ने दी बधाई
दरअसल, दुर्ग में हाउसिंग बोर्ड का मकान खरीदने वाले मंत्री गजेंद्र यादव की ओर से उनके स्टाफ ने पुरस्कार लिया। CM साय ने मंच से मंत्री गजेंद्र यादव को बधाई देते हुए कहा कि हमारे एक मंत्री जी को भी प्राइज मिला है।

9 विजेताओं को मिला पुरस्कार
मंत्री गजेंद्र यादव सहित लकी ड्रा के कुल 9 विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए हैं। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को फर्स्ट प्राइज के तौर पर कार गिफ्ट की गई। इसके अलावा स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए।
अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा मंडल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड अब नए स्वरूप में गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में कार्य करेगा। पहले यह केवल आवास निर्माण तक सीमित था, लेकिन अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि दो वर्षों में बोर्ड को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है और 7 हजार से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर उसे नई दिशा दी गई है। सीएम साय ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना घर होने का सपना होता है और सरकार उसे पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

