कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए केंद्र सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में की गई बढ़ोतरी का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार भी जताया।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार धान (कॉमन) का MSP 2369 रुपये से बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ए-ग्रेड धान का MSP 2389 रुपये से बढ़ाकर 2461 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। वहीं बाजरा का MSP 2775 रुपये से बढ़ाकर 2900 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसके अलावा मक्का, ज्वार, अरहर, उड़द, मूंग और रागी समेत कई फसलों के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की गई है।
तेलहन फसलों में भी किसानों को बड़ी राहत मिली है। मूंगफली का MSP 7517 रुपये, सूरजमुखी बीज का 8343 रुपये, सोयाबीन का 5708 रुपये और तिल का MSP 10346 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। वहीं कपास (मीडियम स्टेपल) का MSP 8267 रुपये और लॉन्ग स्टेपल कपास का MSP 8667 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों के हित में फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि बुवाई सीजन से पहले MSP घोषित होने से किसानों को फसल चयन में सुविधा मिलती है और उन्हें अधिक लाभकारी खेती का विकल्प मिलता है।

