CM Nayab Singh Saini Singapore Visit : चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिंगापुर पहुंच गए हैं। 4 से 6 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे में मुख्यमंत्री वैश्विक निवेश, तकनीक, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। सरकार की कोशिश है कि सिंगापुर के अनुभवों को हरियाणा की विकास योजनाओं से जोड़ा जाए और प्रदेश में नए निवेश के अवसर तैयार किए जाएं।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान ‘सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ फोरम से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर बातचीत होगी। खास तौर पर तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक विकास मॉडल को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री सिंगापुर बिजनेस फोरम के डिनर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे कारोबारी और औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। बैठक में हरियाणा की निवेश क्षमता, उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की संभावनाओं को सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सिंगापुर सफारी का अवलोकन भी शामिल है। हरियाणा में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना को लेकर सिंगापुर के मॉडल को समझने के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री वहां वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं और सफारी के संचालन से जुड़े पहलुओं का जायजा लेंगे। इसके आधार पर हरियाणा में प्रस्तावित जंगल सफारी को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
सरकार का फोकस इस दौरे के जरिए हरियाणा में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन और वन्यजीव आधारित परियोजनाओं को नई दिशा देने पर है। मुख्यमंत्री के अगले दो दिनों के कार्यक्रम में भी कई महत्वपूर्ण बैठकें और संवाद प्रस्तावित हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

