कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब विधायक कुलदीप वत्स की ओर से लगाए गए मारपीट और बदसलूकी के आरोपों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीखा पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा कांग्रेस पर ही सदन का माहौल खराब करने और गुंडागर्दी करने का आरोप लगा दिया।
सदन में हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष से पूरे घटनाक्रम की CCTV फुटेज निकलवाकर जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि घटना की शुरुआत किस तरफ से हुई और वास्तव में किसने अभद्रता की।
‘स्पीकर साहब, दोनों पक्षों को चेंबर में बुला लें’
मुख्यमंत्री सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा, “गुंडागर्दी कांग्रेस कर रही है। स्पीकर साहिब, आप दोनों पक्षों को अपने चेंबर में बुला लें और वीडियो (CCTV फुटेज) निकलवा कर देख लें, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से किसी तरह की गुंडागर्दी नहीं की गई। उन्होंने विपक्ष पर सदन का माहौल जानबूझकर खराब करने का आरोप लगाया और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए CCTV फुटेज की जांच को जरूरी बताया।
आरोप-प्रत्यारोप के बीच बढ़ी नोकझोंक
दरअसल, विधायक कुलदीप वत्स ने सदन में मारपीट और बदसलूकी के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। दोनों पक्षों के विधायक अपनी-अपनी बात रखने लगे और देखते ही देखते सदन का माहौल गर्म हो गया।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद भी सदन में नारेबाजी और तीखी नोकझोंक का दौर जारी रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


