कुंदन कुमार/ पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के गर्दनीबाग स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, और स्थानीय श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह देखा गया।
संकटमोचन हनुमान के चरणों में टेका माथा
मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन किए। उन्होंने बजरंगबली के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने हनुमान जी की विशेष आरती उतारी और उन्हें भोग लगाया।
विधि-विधान से पूजा और राज्य की खुशहाली की कामना
हनुमान जी की पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने ठाकुरबाड़ी मंदिर के मुख्य गर्भगृह में जाकर पूरे विधि-विधान और वैदिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की। इस दौरान उन्होंने भगवान के समक्ष कपूर आरती की और पुष्प अर्पित किए। पूजा के समापन पर मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता के लिए मंगलकामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख, समृद्धि, शांति और आपसी सौहार्द का माहौल हमेशा बना रहे और बिहार विकास के नए पथ पर अग्रसर हो।
श्रद्धालुओं का जताया आभार
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। इस धार्मिक आयोजन के दौरान स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नेता भी उपस्थित रहे।

