Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज गुरुवार (5, नवंबर) को लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 की तैयारियों को लेकर गंगा नदी के छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर द्वारा नासरीगंज घाट से कलेक्ट्रीयेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट और गायघाट से भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक के विभिन्न गंगा घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएम सम्राट ने छठ घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए गंगा घाटों पर सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में कोई परेशानी न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। गंगा नदी के जलस्तर एवं प्रवाह को देखते हुये छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। छठ घाटों के पास सुरक्षा के दृष्टिकोण से मजबूत बैरिकेडिंग करायें। घाटों के पहुंच पथ एवं गंगा नदी के किनारे की सड़कों के पास भी छठ व्रतियों के सुचारू आवागमन हेतु बैरिकेडिंग कराएं।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान माइकिंग के माध्यम से छठ घाटों पर की गई व्यवस्थाओं एवं अन्य सूचनाओं के संबंध में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को लगातार जानकारी दी जाए। छठ घाटों तक छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने के लिए सुगम ट्रैफिक व्यवस्था कराएं ताकि छठ व्रतियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। छठ घाटों पर साफ-सफाई की भी पूरी व्यवस्था रखें।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएम सम्राट को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं, जिसमें 91 सुरक्षित घाट हैं, 5 खतरनाक घाट हैं तथा 7 घाटों पर काम जारी है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए छठ घाटों पर सारी तैयारियां की जा रही हैं। उपलब्ध कराए जा रही नागरिक सुविधाओं के तहत 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि, छठ घाटों पर पटना नगर निगम, नगर परिषद दानापुर एवं अन्य विभागों / कार्य एजेंसियों द्वारा की जा रही आवश्यक व्यवस्थाओं तथा सुरक्षात्मक प्रबंध के निरीक्षण, पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण हेतु 21 सेक्टर गठित कर पदाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना नगर निगम के द्वारा 92 घाट एवं 103 तालाब (37 कृत्रिम एवं 66 स्थायी) को छठ महापर्व-2026 के लिए तैयार किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सीएम सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और अन्य कई नेता व पदाधिकारी गण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- वाराणसी पहुंचे चिराग पासवान ने यूपी चुनाव को लेकर खोले अपने पत्ते, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना