कुंदन कुमार, पटना। बिहार के हाजीपुर (वैशाली) में कल मंगलवार (13 अक्टूबर) की देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय नाव पर 35 से 40 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग नाव पर सवार होकर भोज (तेरहवीं) खाने जा रहे थे। इस दौरान नदी में नाव पलटने से यह हादसा हो गया। राघोपुर से विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस दुखद घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए शोक जताया है।

आज राघोपुर जा सकते हैं तेजस्वी

तेजस्वी यादव फिलहाल दिल्ली में हैं। हादसे के बाद आज वह पटना लौट सकते हैं। इसके साथ ही वह आज राघोपुर भी जाएंगे, जहां वे मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर करेंगे। इसके साथ ही वह प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात कर घटना की जानकारी लेंगे।

तेजस्वी ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि, वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि, मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे। हालांकि अभी तक 13 लोगों के मौत की सूचना है, जिसमें ज्यादातर बच्चे और युवा शामिल हैं।

सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान

वैशाली के राघोपुर में हुए नाव हादस को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ​राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने भी घटना पर जताया दुख

घटना पर पीएम मोदी ने भी शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए दुख जताते हुए लिखा, बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। इसके साथ ही घटना में जान गंवाने वाले परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

एक ही परिवार के 7 बच्चों की मौत

बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 8 बजकर 35 मिनट की है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद गांव से कुछ लोग मृत्यु भोज में शामिल होने के लिए नहर पार कर जा रहे थे। इसी दौरान करीब 30 से 35 लोगों से भरी एक छोटी नाव बीच नहर में डूब गई। इस हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना का सबसे दुखद एक पहलू यह भी है कि मृतकों में 7 बच्चे एक ही परिवार के हैं। रामपुर श्यामचंद गांव के रामप्रवेश राय उर्फ राजा के परिवार के 7 बच्चों की डूबने से मौत हुई है।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से 24 लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर