सत्या राजपूत, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु दौरे से वापस रायपुर लौट आए हैं। इस दौरान उन्होंने अपने बेंगलुरु प्रवास और प्रदेश में चल रही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना को लेकर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सत्य साईं ट्रस्ट के सद्गुरु मधुसूदन साईं के 47वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गए थे। सत्य साईं ट्रस्ट का छत्तीसगढ़ में भी एक बड़ा अस्पताल संचालित हो रहा है, जहां 15 वर्ष तक की उम्र के बच्चों के हृदय रोग का निःशुल्क इलाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से आने वाले समय में प्रदेश में और भी अस्पताल खोले जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना को लेकर कहा कि प्रदेश में लोगों के बिजली बिल लंबे समय से पेंडिंग होने की शिकायतें सामने आती थीं। कोरोना काल के दौरान भी कई लोगों के बिजली बिल लंबित हो गए थे। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने इस योजना की शुरुआत की है।

साय ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल अधिक बढ़ गया है, उन्हें संबंधित बिजली कार्यालय में पंजीयन कराना है। अब तक 42 हजार से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल चुका है और यह संख्या आगे और बढ़ने की संभावना है।
सीएम साय के मुताबिक, योजना के तहत उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 700 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली सरचार्ज माफ किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बिजली बिल के बढ़े हुए भार से राहत देना और लंबित बिलों के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


