मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत कार्य के निर्देश दिए. देवरिया में उन्होंने 305 करोड़ रुपये की 80 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

बलिया/देवरिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलिया और देवरिया का दौरा किया. बलिया में उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया, जबकि देवरिया में 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.

बाढ़ पीड़ितों से मिले

बलिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए और बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.

मुख्यमंत्री ने राहत सामग्री का वितरण भी किया. जिला प्रशासन ने सभी पीड़ितों के खातों में मुआवजा भेज दिया है, जबकि करीब 4 हजार बाढ़ राहत किट का वितरण किया जा चुका है.

31 गांव प्रभावित

बलिया जिले में गंगा और सरयू नदी उफान पर हैं. अब तक करीब 43 पक्के मकान विलीन हो चुके हैं. जिले के कुल 31 गांव बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हैं, जिनमें भोजपुरवा और गोपाल टाड़ी गांव को भारी नुकसान हुआ है.

देवरिया को 305 करोड़

बाबा दुग्धेश्वरनाथ की पावन धरा जनपद देवरिया के सलेमपुर एवं भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.

इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, नियुक्ति-पत्र, टूल किट और सहायता राशि का वितरण भी किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में नौजवानों के लिए नौकरी का खजाना निकलने वाला है.

विपक्ष पर निशाना

देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों की मानसिकता बीमार थी. बीमारी यहां के मासूमों को निगल रही थी और इनके कानों पर जूं नहीं रेंगती थी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यहां विकास की बयार बह रही है.