मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामनगरी अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं. अपने लगभग तीन घंटे के संक्षिप्त लेकिन बेहद व्यस्त प्रवास के दौरान सीएम योगी अयोध्यावासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, साथ ही विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है. दौरे से पूर्व अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जीआईसी (GIC) मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. इस दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी समेत जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी भी मौजूद रहे.
सीएम योगी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
दोपहर 02:50 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीआईसी (GIC) मैदान में आगमन.
दोपहर 02:50 से शाम 04:00 बजे तक जीआईसी मैदान में आयोजित विशाल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत.
करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण एवं शिलान्यास.विशाल जनसभा को संबोधन.
इसे भी पढ़ें : ज्ञान के साथ जीवन मूल्य और दायित्वबोध शिक्षा का आधार बने : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
शाम 04:00 बजे,हेलीकॉप्टर द्वारा जीआईसी मैदान से राम कथा पार्क हेलीपैड के लिए रवानगी.
शाम 04:15 से 05:00 बजे तक:
प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन और विशेष पूजन-अर्चन.
भव्य राम मंदिर में प्रभु श्री रामलला सरकार के दर्शन एवं आरती.
शाम 05:00 बजे: राम कथा पार्क हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान.
7 जिलों से भीड़ जुटाने की तैयारी
जीआईसी मैदान में आयोजित सम्मान समारोह ऐतिहासिक होने जा रहा है. इसमें अयोध्या समेत आसपास के 7 जिलों (अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा) से लगभग 12,000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं हिस्सा लेंगी. प्रत्येक पड़ोसी जिले से करीब 2-2 हजार प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है.
सुरक्षा और रूट डायवर्जन के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रखी गई है. अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम क्षेत्र में व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि आम श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे.



