इटावा. इटावा में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि “जो व्यक्ति 12 बजे सोकर उठेगा, उसका तो भगवान ही मालिक है.”
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश उपद्रव और दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है. इस दौरान उन्होंने 604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया.
कांवड़ यात्रा और केसरिया रंग को लेकर सपा पर हमला
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी कांवड़ यात्रा का विरोध करती थी और कहती थी कि इससे दंगा हो जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय शंख और घंटा तक नहीं बजने दिया जाता था. योगी ने कहा कि “केसरिया कपड़े से समाजवादी पार्टी को जैसे जन्मजात दुश्मनी है.” उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि विपक्ष फिर से समाज को जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने की कोशिश करेगा.
’12 बजे उठने’ वाले बयान से साधा निशाना
सभा में मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि “जो व्यक्ति 12 बजे सोकर उठेगा, उसका तो भगवान ही मालिक है. यही यूपी की दुर्गति का कारण था.” उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और राज्य अब दंगों के बजाय विकास और उत्सव के लिए जाना जाता है.
नौकरियों और महिला सशक्तिकरण का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हुई है और अब इटावा व मैनपुरी के युवाओं को भी बिना भेदभाव के नौकरी मिल रही है. उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है तथा शिक्षित बेटी परिवार और प्रदेश दोनों का भविष्य संवारती है.
इसे भी पढ़ें- वाराणसी में पहली बार उल्टा एक्शन! पुरुषों से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार, एंटी रोमियो स्क्वॉड ने भेजा जेल
604 करोड़ की 128 परियोजनाओं की सौगात
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा में 604 करोड़ की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं में सड़क, बुनियादी ढांचे, जनकल्याण और अन्य विकास कार्य शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में विकास पहुंचाना और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है.


