वाराणसी. काशी में एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है. आमतौर पर महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली एंटी रोमियो टीम ने इस बार दो युवतियों को पुरुषों से कथित छेड़छाड़, अश्लील इशारे और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

घटना कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र की है, जहां दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें- जी का जंजाल बना जीवनसाथीः बेरहमी से पिटाई कर पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, जानिए कत्ल के पीछे की कहानी

पुरुषों की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे दो युवतियां राह चलते पुरुषों पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणियां और इशारे कर रही थीं. स्थानीय लोगों और कुछ पुरुषों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी. शिकायत मिलने के बाद सिगरा थाने की एंटी रोमियो स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया.

चेहरा ढककर कर रही थीं अभद्र हरकतें

एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी सब इंस्पेक्टर काजोल सिंह के मुताबिक, सूचना मिली थी कि फ्लाईओवर के पिलर नंबर 57 से 60 के बीच दो महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं. मौके पर पहुंचने पर दोनों ने चेहरा ढका हुआ था और राहगीरों की ओर कथित रूप से अश्लील इशारे व टिप्पणियां कर रही थीं. पुलिस ने मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

बिहार की रहने वाली हैं दोनों महिलाएं

पुलिस पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं बिहार की रहने वाली हैं. हालांकि पुलिस ने उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है. सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसाः वाटर टैंक में उतरे दो कर्मचारी, कुछ ही मिनटों में चली गई दोनों की जान

पुलिस बोली- अभियान आगे भी रहेगा जारी

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति के साथ अभद्रता, अश्लील हरकत या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे आरोपी पुरुष हो या महिला. एंटी रोमियो स्क्वॉड का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. वाराणसी की यह घटना इसलिए चर्चा में है क्योंकि एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई इस बार महिलाओं के खिलाफ हुई है, जिन पर पुरुषों से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है.