नोएडा. ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिगो सोसाइटी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. वाटर टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई.
घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिवारों में मातम छा गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- गजब! मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में नवदंपतियों को मिले TMC प्रिंटेड गद्दे, मचा बवाल
पहले कर्मचारी उतरा, बचाने गया गार्ड भी फंस गया
जानकारी के अनुसार, सोसाइटी में वाटर टैंक की सफाई का कार्य चल रहा था. सफाई के लिए एक कर्मचारी टैंक के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया. उसे बचाने के लिए वहां मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गया. कुछ ही देर बाद वह भी बाहर नहीं निकल सका, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.
रेस्क्यू के बाद निकाले गए दोनों, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों कर्मचारियों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. प्रारंभिक आशंका है कि टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण दोनों का दम घुट गया.
लापरवाही की जांच में जुटी पुलिस
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं.
इसे भी पढ़ें- CM योगी आज इन 3 जिलों को देंगे 1,286 करोड़ की सौगात, शिक्षकों के लिए भी होगा बड़ा ऐलान
परिवार में मातम, सोसाइटी में दहशत
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. सोसाइटी के निवासियों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


