मऊ. दोहरीघाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और ट्रेलर में टक्कर हो गई. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है. जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घटना से इलाके में कोहराम मच गया. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. इस बीच हादसे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘जनपद मऊ में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’

पांच लोगों की मौत

बता दें कि रानीडीह निवासी विनय श्रीवास्तव रांची से लड़की मंशा की शादी कर वापस गोरखपुर जा रहे थे. इसी दौरान शनिवार की भोर में 3 बजे चालक को झपकी आने से स्कॉर्पियो दूसरी लेन पर जाकर ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी खतरनाक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पिता-पुत्र, पत्नी समेत पांच लोगो की मौके पर ही मौत हो गई. आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

इसे भी पढ़ें : मौत के सफर पर तीन दोस्त : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार ने बाइक को रौंदा, 3 की मौत

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव, कृतार्थ श्रीवास्तव, अर्चना, रविन्द्र यादव और पुरुषोत्तम कुमार के रूप में हुई. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.