सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बाढ़ जैसी स्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लिया है. उन्होंने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल फील्ड में जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और फसल व संपत्ति के नुकसान का तत्काल आकलन कर 24 घंटे के भीतर अनुमन्य राहत राशि प्रभावितों को उपलब्ध कराई जाए. साथ ही अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें : सीएम योगी से मिलेंगे घुमंतू समाज के प्रतिनिधि, विकास बोर्ड बनने के बाद पहली बड़ी बैठक में उठेंगे ये मुद्दे

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और आकाशीय बिजली चमकने के समय विशेष सतर्कता बरतें. उन्होंने लोगों से नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में स्नान या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है.

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आगरा, अलीगढ़, अमेठी, औरैया, अयोध्या, बागपत, बांदा, बाराबंकी, भदोही, बुलंदशहर, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हमीरपुर और हापुड़ सहित कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जलभराव, बाढ़ और अन्य आपदाजनित परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.