लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 19 जुलाई को लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के नए मुख्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे. करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक भवन शहीद पथ स्थित डायल-112 मुख्यालय के पास बनाया गया है. इसका उद्देश्य राज्य की आपदा प्रबंधन प्रणाली को आधुनिक तकनीक, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के साथ और अधिक मजबूत बनाना है.

इसे भी पढ़ें- ‘अब तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी’, संभल से सीएम योगी का बड़ा बयान- बोले, हरिहर मंदिर का आदेश ही सर्वोपरि

24×7 संचालित होगा अत्याधुनिक आपातकालीन संचालन केंद्र

नए मुख्यालय में अत्याधुनिक स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (State Emergency Operation Centre) स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे संचालित रहेगा. प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान यहीं से निगरानी, समन्वय और राहत कार्यों का संचालन किया जाएगा.

डिजिटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर

भवन में आधुनिक डिजिटल कमांड, कंट्रोल एवं कोऑर्डिनेशन सेंटर भी विकसित किया गया है. इसके माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच रियल-टाइम समन्वय स्थापित होगा, जिससे आपदा के समय निर्णय लेने और राहत कार्यों में तेजी आएगी.

प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं

मुख्यालय में 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, क्लासरूम, लेक्चर हॉल, हॉस्टल और लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को नियमित प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गंगा-सरयू उफान पर, कई शहरों में जलभराव

लोकार्पण कार्यक्रम में कई मंत्री होंगे शामिल

लोकार्पण समारोह में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.