लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. रविवार सुबह से बरेली में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि लखनऊ, बाराबंकी समेत कई जिलों में बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 24 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और कई अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.

इसे भी पढ़ें- ‘अब तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी’, संभल से सीएम योगी का बड़ा बयान- बोले, हरिहर मंदिर का आदेश ही सर्वोपरि

24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में येलो अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, गोरखपुर, बरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत 24 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, मेरठ, हरदोई, देवरिया और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

नदियां उफान पर, कई इलाकों में बढ़ा खतरा

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण गंगा, यमुना और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. प्रयागराज के संगम क्षेत्र में लोगों को नदी किनारे न जाने की चेतावनी दी जा रही है. कानपुर में एहतियात के तौर पर गंगा में बोटिंग पर रोक लगा दी गई है, जबकि बलिया में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से एक मकान नदी में समा गया और आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है.

गोरखपुर में 6 घंटे में 110 मिमी बारिश

उधर गोरखपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक करीब 110 मिमी बारिश दर्ज की गई. तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं, कॉलोनियों और घरों में पानी भर गया. कई जगह कार और बाइकें आधी डूब गईं तो इंजन में पानी भरने से कई वाहन बंद हो गए. बरेली, आगरा और लखीमपुर सहित कई शहरों में भी रुक-रुककर बारिश हुई.

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट में लापरवाही! गुप्तार घाट पर 3.67 करोड़ के काम का मलबा सरयू में फेंका

अगले एक सप्ताह सतर्क रहने की सलाह

लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई बारिश अब पूरे प्रदेश में फैल रही है. उन्होंने अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.