मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एनएसजी, एटीएस और तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में आज कांवड़ यात्रा पर पुष्प बरसाएंगे। वे कुछ देर में पहुंचने वाले हैं। पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की है।

इस दौरान तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एडीजी, डीआईजी और एसएसपी ने हेलीपैड से लेकर मंच तक सुरक्षा परखी है। एनएसजी की टीम ने भी मेरठ पहुंचकर अफसरों के साथ मीटिंग की। उसके बाद सीएम की सुरक्षा को लेकर कांवड़ मार्ग से लेकर मंच तक ड्यूटी लगाई गई है।

कल देर शाम को पुलिस और प्रशासनिक अफसरों द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की रिहर्सल कराई गई। सीएम के पहुंचने के समय मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों को रोका जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो सके।

NSG और A कमांडो ने संभाला मोर्चा

एडीजी भानु भास्कर और एसएसपी अविनाश पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड से लेकर मंच तक की सुरक्षा परखी। एनएसजी की टीम भी मेरठ पहुंची और अफसरों से सुरक्षा को लेकर बातचीत की। साथ ही गत वर्षों का प्लान भी चेक किया गया। सीएम के आगमन पर तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रा में लगाए गए हैं, ताकि जाम के हालात न बन सकें।

इससे पहले शुक्रवार को ही डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बेगमपुल से लेकर एटीएस कमांडो के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण किया। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा में लगे पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी चेक की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। डीआईजी ने बताया कि अच्छे से ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों की पीठ भी थपथपाई गई है। इस दौरान बैरिकेडिंग, सुरक्षा पिकेट, ड्यूटी प्वाइंट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शहर में तैनात रहेंगे तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी

ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी गई कि शहर के अंदर जाम न लगने दिया जाए। कांवड़ यात्रा की वजह से आमजन को भी कोई परेशानी न हो सके।

एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि कोई भी चूक न हो सके। मुजफ्फरनगर पुलिस को भी इसे लेकर अलर्ट कर दिया गया है।

दुल्हैड़ा चुंगी पर करेंगे पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व बागपत में कांवड़ यात्रा मार्ग का सर्वेक्षण करेंगे। मेरठ में मेरठ-रूड़की हाईवे स्थित दुल्हैड़ा चुंगी पर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजकीय वायुयान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर में सवार होकर पूर्वाह्न 11.45 बजे शोभित विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा दुल्हैड़ा चुंगी पर जर्मन हैंगर में तैयार मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे।