लखनऊ. महान वीरांगना और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रानी अवंतीबाई लोधी की 196वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. रविवार को लखनऊ स्थित जीपीओ तिराहा के पास आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में रानी अवंतीबाई लोधी ने जिस साहस के साथ अंग्रेजों का मुकाबला किया, वह देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है. महज 27 वर्ष की उम्र में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनका जीवन आज भी युवाओं को देशप्रेम और साहस की प्रेरणा देता है.
इसे भी पढ़ें- ‘खून में बदमाशी हो तो सोच नहीं बदलती’, अतीक के बेटों पर BJP नेता पूजा पाल का बड़ा हमला
1857 की क्रांति की वीरांगना को सीएम योगी ने किया नमन
सीएम योगी ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी जैसी वीरांगनाओं ने विदेशी शासन के खिलाफ संघर्ष कर भारत की स्वतंत्रता की नींव मजबूत की. उनके बलिदान और संघर्ष को देश हमेशा याद रखेगा. उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे महान व्यक्तित्वों का योगदान नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें. वीरांगनाओं का सम्मान केवल स्मरण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए.
तीन वीरांगनाओं के नाम पर बन रही महिला PAC बटालियन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वीरांगनाओं के सम्मान में बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश में गठित की जा रही नई महिला पीएसी बटालियनों का नाम महान वीरांगनाओं के नाम पर रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि बदायूं में बनने वाली महिला पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है. इसके अलावा लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर भी महिला पीएसी बटालियन स्थापित की जा रही हैं. इन बटालियनों में संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी.
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस
सीएम योगी ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल इतिहास को सम्मान देना नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का वातावरण देना भी है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि नारी सशक्तीकरण के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में नकली डेयरी प्रोडक्ट पर बड़ा एक्शन, पनीर-घी-खोया बेचने वालों पर सरकार की सख्ती; जानिए क्या बदला
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं रानी अवंतीबाई लोधी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है. उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा. उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि महान वीरांगना के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश निर्माण में योगदान दें.


