लखनऊ. उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक पूजा पाल ने माफिया अतीक अहमद के परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों की सोच अपराध, जमीन कब्जाने और लोगों को यातना देने वाली रही हो, उनकी मानसिकता आसानी से नहीं बदल सकती.

पूजा पाल का यह बयान उस समय आया है, जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल समेत कुछ नेता अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार से मिलने पहुंचे थे. इसी को लेकर पूजा पाल ने नाराजगी जताई है.

इसे भी पढ़ें- 2000 बच्चों को बांटे फंगस वाले लड्डू बांटे, फिर ‘मत खाना’ का भेजा मैसेज! स्कूल की लापरवाही, कटघरे में प्रशासन

‘अतीक को बदलना होता तो बदल चुका होता’

भाजपा नेता पूजा पाल ने कहा कि अगर अतीक अहमद की सोच बदलनी होती तो वह पहले ही बदल चुकी होती. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के संस्कार और विचार उसके व्यवहार से दिखाई देते हैं. पूजा पाल ने कहा, “जिनके खून में बदमाशी हो, जो लोगों को यातनाएं देने, जमीन हड़पने और कत्लेआम जैसी घटनाओं में शामिल रहे हों, उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती.” उन्होंने कहा कि चाहे ऐसे लोग जेल में रहें या जेल से बाहर आएं, उनकी मानसिकता में बदलाव की उम्मीद करना मुश्किल है.

अतीक परिवार पर साधा निशाना

पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद का परिवार लंबे समय से माफिया प्रवृत्ति वाली सोच से जुड़ा रहा है. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और जेल जाने के बाद भी उनके व्यवहार में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग मानते हैं कि समय और परिस्थितियां इंसान को बदल देती हैं, लेकिन अपराध और दूसरों को नुकसान पहुंचाने वाली सोच रखने वाले लोगों के मामले में ऐसा हमेशा नहीं होता. पूजा पाल ने कहा कि दुख की घड़ी में संवेदना रखना अलग बात है, लेकिन किसी परिवार के पुराने इतिहास और कार्यशैली को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

पल्लवी पटेल के अतीक परिवार से मिलने पर जताई आपत्ति

दरअसल, आबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद विधायक पल्लवी पटेल समेत कई नेता अतीक अहमद के परिवार से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी. इसी मुलाकात को लेकर पूजा पाल ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अतीक परिवार की पुरानी गतिविधियों को देखते हुए उनके प्रति सहानुभूति जताने से पहले लोगों को पूरे मामले को समझना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Update : प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

राजू पाल हत्याकांड के बाद राजनीति में आईं पूजा पाल

पूजा पाल का राजनीतिक सफर संघर्षों से भरा रहा है. वह दिवंगत विधायक राजू पाल की पत्नी हैं. राजू पाल प्रयागराज की पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक रहे थे और उनकी हत्या के बाद पूजा पाल चर्चा में आई थीं. शादी के कुछ दिनों बाद ही पति की हत्या के बाद उन्हें राजनीति में कदम रखना पड़ा.

पहले वह समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गईं. हाल ही में भाजपा ने उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है. अतीक अहमद परिवार को लेकर पूजा पाल के बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है.