गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी सोमवार को दोपहर बाद तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे. इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सीएम एक मीडिया संस्थान की ओर से दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे. इससे पहले दाउदपुर स्थित दिवंगत वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पांडेय के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.
इसे भी पढ़ें-‘मिस प्रिटी इंडिया’ जीत चुकी थीं निधि, रात में फोन पर बहस के बाद सुबह मिली मौत की खबर
गोरखनाथ मंदिर में होंगे अधिकांश कार्यक्रम
इसके बाद मुख्यमंत्री के लगभग सभी कार्यक्रम गोरखनाथ मंदिर परिसर में होंगे. यहां ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में वह शामिल होंगे. दोनों महंतों की पुण्यतिथि के मौके पर 24 से 30 सितंबर तक सात दिवसीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जा रहा है.
29 सितंबर को दिग्विजयनाथ की पुण्यतिथि
मंगलवार, 29 सितंबर की सुबह मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान वह ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करेंगे. इस मौके पर अखंड मानस पाठ और भंडारे का भी आयोजन होगा.
30 सितंबर को अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि
बुधवार, 30 सितंबर को सीएम योगी अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करेंगे. गोरखनाथ मंदिर में इस अवसर पर संतों और धर्माचार्यों की मौजूदगी रहेगी.
इसे भी पढ़ें- UP में 80 घंटे की बारिश से हाहाकार, सीतापुर में 200 घर डूबे; 46 जिलों में बारिश का अलर्ट
भागवत कथा और संगोष्ठियों में भी आयोजन
गोरखनाथ मंदिर में पुण्यतिथि समारोह के तहत श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है, जो 29 सितंबर तक चलेगा. इसके अलावा प्रथम पाली में साप्ताहिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ वक्ता विचार रख रहे हैं. मुख्यमंत्री इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं.


