कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर CMHO डॉ. एमएस सागर के खिलाफ श्री राजपूत करणी सेना ने मोर्चा खोल दिया है। करणी सेना ने जातिगत भेदभाव, कर्मचारियों पर दबाव और प्रशासनिक मनमानी के आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
करणी सेना की ओर से श्याम सिंह राजावत की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि CMHO डॉ. एमएस सागर के कार्यकाल में कर्मचारियों की पदस्थापना और तबादलों में पक्षपात किया जा रहा है। ज्ञापन में एएनएम आकांक्षा जाटव को ग्रामीण से शहरी क्षेत्र और सहायक ग्रेड-3 अजय सक्सेना को शहरी क्षेत्र से चिनौर भेजे जाने का जिक्र करते हुए आदेशों की जांच मांगी गई है।
संगठन ने ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ डॉक्टरों के शहरी क्षेत्र में काम करने, आयुष्मान योजना और अस्पतालों से जुड़ी कथित आर्थिक अनियमितताओं की भी जांच की मांग की है। इसके अलावा सबसे गंभीर आरोप कर्मचारी देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर को बिना स्पष्ट कारण काम से हटाए जाने पर लगाया है, देवेंद्र ने आरोप लगाया है कि वह CMHO ऑफिस में स्थित हनुमान मंदिर की बीते 05 साल से अधिक समय से पूजा करता है। ऐसे में बीते दिनों हनुमान जी का प्रसाद खाने और बांटने पर CMHO डॉ एम एस सागर ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी और साथ ही SC/ST एक्ट में FIR की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
करणी सेना ने सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल टिप्पणियों और कर्मचारियों पर अनुचित दबाव की भी जांच कराने की मांग है,ज्ञापन में 2 अप्रैल 2018 की जातिगत हिंसा का जिक्र करते हुए कहा गया है कि कुछ लोगों की गलत मानसिकता के कारण सामाजिक सौहार्द बिगड़ा था। संगठन ने आशंका जताई है कि प्रशासनिक फैसलों में जातिगत भेदभाव से कर्मचारियों के बीच असंतोष और सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।
करणी सेना ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच समिति बनाने, डॉ. सागर के कार्यकाल में हुए तबादलों और पदस्थापनाओं की समीक्षा, धमकी और भेदभाव के आरोपों की जांच तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल ये आरोप कर्मचारी देवेंद्र और संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन का हिस्सा हैं। इनकी पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कदम उठाता है और CMHO डॉ. एमएस सागर का इन आरोपों पर क्या पक्ष सामने आता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

