इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इसकी बानगी बुधवार को नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में साफ देखने को मिली। खंडवा नगर निगम के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भाजपा की महापौर के पद पर रहते हुए, भाजपा की ही स्थानीय विधायक कंचन मुकेश तनवे ने नगर निगम के कामकाज को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक बड़ी समीक्षा बैठक बुला ली। खास बात यह रही कि यह बैठक निगम दफ्तर की बजाय कलेक्ट्रेट में हुई, जिसे लेकर अब राजनीतिक गलियारों में कई तरह के मायने निकाले जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : MP का हर नागरिक 55,323 का कर्जदार! कर्ज के आंकड़ों पर कांग्रेस का बड़ा दावा- ‘जनता के टैक्स से ही चुकाया जाएगा सरकार का उधार’

कलेक्ट्रेट में लगी क्लास, 21 बिंदुओं पर मांगा जवाब

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक कंचन तनवे ने तेवर दिखाते हुए नगर निगम के अधिकारियों से 21 प्रमुख बिंदुओं पर सीधे जवाब तलब किया। बैठक में पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेंशन योजनाएं, पीएम आवास, स्वनिधि योजना और शहर के अन्य विकास कार्यों की प्रगति की फाइलें खंगाली गईं। विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब से वह हर महीने ऐसी ही समीक्षा बैठक लेंगी।

‘मैं कुछ बोलती नहीं, इसका मतलब यह नहीं कि…’

इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा विधायक कंचन तनवे के उस बयान की रही, जिसने सीधे तौर पर नगर निगम के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर दिए। विधायक ने कहा, “मैं कुछ बोलती नहीं, इसका मतलब ये नहीं कि मुझे कुछ पता नहीं रहता।” उनके इस तीखे बयान को नगर निगम की कार्यप्रणाली और महापौर के नेतृत्व के प्रति उनकी दबी हुई नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।

महापौर का पलटवार: ‘मेरा रिपोर्ट कार्ड संगठन तैयार करेगा’

विधायक के इस रुख पर खंडवा महापौर अमृता यादव ने भी बिना नाम लिए सियासी अंदाज में करारा पलटवार किया। महापौर ने साफ शब्दों में कहा, “नगर निगम में हमारी टीम विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जहां तक काम की बात है, तो मेरा रिपोर्ट कार्ड… मेरा संगठन तैयार करेगा।” महापौर के इस बयान को सीधे तौर पर विधायक की दखलअंदाजी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि बैठक में दोनों महिला नेताओं के बीच आमने-सामने कोई तल्खी नजर नहीं आई, लेकिन उनके बयानों ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को सरेआम कर दिया।

7.50 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर: निगमायुक्त

विवादों के बीच बैठक में विकास कार्यों का ब्योरा भी सामने आया। महापौर अमृता यादव ने नगर निगम के नए भवन, पुराने निगम कार्यालय की जगह बनने वाले 5 मंजिला शॉपिंग मॉल, रामेश्वर कुंड और पदम कुंड के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। वहीं, नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने बताया कि शहर में फिलहाल करीब 7.50 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों और सीसी निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

ये भी पढ़ें : ‘मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ!’ सीहोर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, पीएम मोदी और मेलोनी की मुलाकात पर कसा तंज

बैठक को लेकर सियासी चर्चाएं तेज

अब इस बैठक और दोनों नेताओं के बयानों को लेकर खंडवा में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आखिर बीजेपी के भीतर यह खींचतान किस ओर इशारा कर रही है। बता दें कि बीते काफी दिनों से विधायक और महापौर के बीच दूरियां बनीं हुईं है, जो अब इस तरह से खुलकर सामने आ रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m