दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया स्थित जमाडा गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां बीए सेकंड ईयर के 20 वर्षीय छात्र शिवाजी गुर्जर ने रविवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई है।

​मृतक शिवाजी ने अपनी मौत से ठीक पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने अपने बड़े पापा नीमचंद, उनके छोटे बेटे मिलन और मिलन की पत्नी निधि पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवाजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि ये सभी लोग उसकी मौत के लिए जिम्मेदार हैं। उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसे किसी झूठे मामले में फंसाया था और उसे दो बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। 

परिजनों के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच शिवाजी की दादी ने उसे घर में फंदे पर लटका हुआ देखा। जिसके बाद आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पिपरिया सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। 

वहीं परिजनों का यह भी कहना है कि शिवाजी मोबाइल का इस्तेमाल ज्यादा करता था, लेकिन इस खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी आशीष सिंह पवार ने बताया कि सुसाइड की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पूरी जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m