संजय पाटीदार,भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने अब छात्रों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा को स्कॉलरशिप दिलाने का झांसा देकर जालसाज ने उसके पिता के बैंक खाते से 90 हजार रुपए निकाल लिए। आरोपी ने खुद को कॉलेज का एचओडी बताया और छात्रा को भरोसे में लेकर करीब डेढ़ घंटे तक फोन पर बात करता रहा।
पिता का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया
जानकारी के अनुसार छात्रा करीना यादव के पास 30 मई को एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम प्रशांत पटेल बताते हुए कहा कि उसकी स्कॉलरशिप मंजूर हो गई है। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सएप पर एक लिंक भेजा और छात्रा से उसमें जानकारी भरवा ली। बैकिंग प्रक्रिया में दिक्कत आने का बहाना बनाकर उसने छात्रा से उसके पिता का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया।
शिवपुरी में ‘मुन्नाभाई MBBS’: फर्जी डिग्री के सहारे 1 साल तक करते रहे मरीजों की जिंदगी
वरना पूरा खाता खाली कर देता
कुछ ही देर बाद छात्रा के पिता के खाते से 90 हजार 100 रुपए कट गए। रकम निकलने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने दोबारा फोन कर धमकी भरे अंदाज में कहा कि उसकी किस्मत अच्छी है कि केवल 90 हजार रुपए ही गए, वरना पूरा खाता खाली कर देता। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि स्कॉलरशिप, नौकरी या सरकारी योजना के नाम पर आने वाले किसी भी लिंक पर बिना जांच किए जानकारी साझा न करें।


