परवेज खान, शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ फिल्म की तर्ज पर फर्जी डिग्री और कूट रचित (फर्जी) दस्तावेजों के सहारे दो युवक डॉक्टर बनकर सरकारी ‘संजीवनी क्लीनिक’ में पदस्थ हो गए। ये फर्जी डॉक्टर करीब एक साल तक बेखौफ होकर मरीजों का इलाज करते रहे और उनकी जिंदगी से खिलवाड़ करते रहे।

क्लीनिक छोड़कर रफूचक्कर

हैरानी की बात यह है कि पूरे एक साल तक स्वास्थ्य महकमे को इसकी कानों-कान भनक तक नहीं लगी। मामला तब खुला जब विभाग द्वारा डॉक्टरों के दस्तावेजों की दोबारा बारीकी से जांच करने के आदेश जारी किए। जांच की आंच आते ही दोनों फर्जी डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर रफूचक्कर हो गए।

इन दो ‘संजीवनी क्लीनिकों’ में दे रहे थे सेवाएं

फर्जीवाड़े का यह खेल शहर के दो प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा था डॉ. आकाश चंदेलकर ‘संजीवनी क्लीनिक मनियर’ में पदस्थ था। पोल खुलने के डर से इसने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। डॉ. मोहर सिंह ‘संजीवनी क्लीनिक हवाई पट्टी’ के पास मरीजों का उपचार कर रहा था। दस्तावेज़ सत्यापन की बात आते ही यह तरह-तरह के बहाने बनाकर ड्यूटी से गायब हो गया।

भूमिगत कोयला खदान में रूफ स्लाइडिंग: 2 श्रमिकों की मौत, खदान प्रबंधन के खिलाफ फूटा

चयन समिति भी सवालों के घेरे में

इस बड़े खुलासे के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की उस नियुक्ति समिति (कमेटी) पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसने इन डॉक्टरों की भर्ती की थी। बड़ा सवाल आखिर भर्ती के समय कमेटी के सदस्यों ने आंखें मूंदकर इन फर्जी दस्तावेजों को सही कैसे मान लिया? क्या यह महज एक लापरवाही है या फिर इस खेल के पीछे कोई बड़ा कमीशन और मिलीभगत शामिल है?

मैं गैरहाजिर नहीं बीमार हूं..: सस्पेंड ट्रैफिक हेड कांस्टेबल ने फेसबुक पर शेयर किए

अधिकारियों का क्या है कहना?

इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग अब सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। डॉ. संजय ऋषिवर, सीएमएचओ (CMHO) ने कहा- मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है। फर्जी डिग्री और कूट रचित दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने वाले इन दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब इन दोनों फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने के साथ-साथ उनके कार्यकाल के दौरान बांटी गई दवाओं और किए गए उपचारों की भी समीक्षा कर रहा है।

संजय ऋषिवर, सीएमएचओ शिवपुरी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m