दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का विरोध करने पर रेत कंपनी के एक कर्मचारी पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रॉयल्टी पूछने पर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने लाठी-रॉड से मारपीट की और बाद में थाने के पास ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। इस गंभीर घटना में घायल कर्मचारी के दोनों पैरों में छह फ्रैक्चर आए हैं।
रॉयल्टी के बारे में पूछने पर भड़के बदमाश
दरअसल सिल्वर मिस्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी अभिमन्यु सिंह के मुताबिक, शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे वह साथी कर्मचारी मोहन सिकरवार के साथ ऑफिस जा रहे थे। डिवाइन सिटी कॉलोनी के पास उन्हें रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली। रॉयल्टी के बारे में पूछने पर चालक जितेंद्र उर्फ कलुआ कहार ने बदसलूकी की और अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि क्रेटा कार और बाइकों पर सवार होकर आए आकाश पांडेय, गोविंद गौर, मोहित पासी, चंदू पासी और गोलू बरुआ ने मोहन पर लाठी-रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया जिससे वह जमीन पर गिर गया। घायल मोहन को बोलेरो गाड़ी में बैठाकर सहकर्मी थाने की ओर जा रहे थे।
हड्डियों के छह टुकड़े हो गए
हरियाली तिराहे के पास जब वे रिपोर्ट लिखाने उतरे, तभी आरोपी चालक कलुआ ने पीछे से ट्रैक्टर लाकर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दौरान मोहन के दोनों पैर पहिए के नीचे दब गए, जिससे उसकी हड्डियों के छह टुकड़े हो गए। घटना के करीब 18 घंटे बाद पुलिस ने अभिमन्यु की शिकायत पर आकाश पांडेय, मोहित पासी, गोलू बरुआ, गोविंद गौर, कलुआ और चंदू पासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक जितेंद्र उर्फ कलुआ को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

