असम में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने आज गुरुवार को असम में अखिल गोगोई की लीडरशिप वाले ‘रायजोर दल’ के साथ सभी तरह के संबंध तत्काल प्रभाव से खत्म करने का ऐलान किया है. असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. कांग्रेस ने इसके लिए गठबंधन के नियमों और मर्यादा के उल्लंघन को कारण बताया.

पार्टी ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर लिया गया यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.

असम में कांग्रेस ने अखिल गोगोई की पार्टी राइजर दल के साथ अपने सभी राजनीतिक गठबंधन संबंध खत्म कर दिए हैं. कांग्रेस का कहना है कि उसने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले “सांप्रदायिक ताकतों” के विरुद्ध एकजुट होने के लिए रायजोर दल सहित कई क्षेत्रीय दलों के साथ चुनावी गठबंधन किया था.

कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस दौरान अधिकतर समय रायजोर दल के नेतृत्व ने कांग्रेस के विरुद्ध लगातार गलत प्रचार किया और उनकी इमेज खराब करने का प्रयास किया, जिससे गठबंधन की मर्यादा और नियमों का उल्लंघन हुआ.

इन सब आरोपों पर रायजोर दल के नेतृत्व की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी. कांग्रेस ने कहा कि कई मौकों पर राइजर दल के नेताओं ने विपक्षी गठबंधन में शामिल दूसरी पार्टियों के नेताओं के खिलाफ भी बिना आधार, अनुचित और अपमानजनक टिप्पणियां कीं.

गठबंधन के नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे व्यवहार के मद्देनजर, कांग्रेस ने कहा कि रायजोर दल के साथ सियासी संबंध बनाए रखना अब मुमकिन नहीं है. पार्टी ने दोहराया कि इस अलायंस को खत्म करने के बावजूद, कांग्रेस अपने वादों पर कायम है. कांग्रेस और रायजोर दल ने 126 सदस्यीय विधानसभा में क्रमशः 19 और दो सीट जीती थीं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m