आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के गोवा में दिए एक बयान ने दिल्ली की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का वोटर ही आम आदमी पार्टी के लिए वोट करता है। उनके इस बयान को कांग्रेस ने तुरंत राजनीतिक मुद्दा बना लिया और इसे अपने पुराने आरोपों के समर्थन के तौर पर पेश किया। केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि आप संयोजक ने खुद ही वह बात स्वीकार कर ली है, जिसे कांग्रेस लंबे समय से कहती आ रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केजरीवाल का बयान इस बात की पुष्टि करता है कि आम आदमी पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’ के तौर पर काम करती है।
‘भाजपा से नाराज वोटर कांग्रेस को नहीं, AAP को चुनता है’
गोवा में रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल उस नैरेटिव को खारिज करने की कोशिश कर रहे थे, जिसमें आम आदमी पार्टी पर विपक्षी वोटों का बंटवारा करने और इससे भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया जाता है।केजरीवाल ने इसके उलट दावा किया कि आम आदमी पार्टी मुख्य रूप से भाजपा समर्थक वोटरों का समर्थन हासिल करती है। उन्होंने दिल्ली के पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा से नाराज हुआ वोटर कांग्रेस के लिए वोट नहीं करता, बल्कि ऐसे मतदाता आम आदमी पार्टी को स्वीकार करते हैं।
‘लोकसभा में BJP, विधानसभा में AAP को वोट’
केजरीवाल ने अपनी बात समझाने के लिए दिल्ली के चुनावों का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में करीब 20 प्रतिशत ऐसे मतदाता आम आदमी पार्टी के साथ आते हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट दिया था। उनका तर्क था कि भाजपा के खिलाफ नाराजगी रखने वाला मतदाता कांग्रेस की ओर जाने के बजाय आम आदमी पार्टी को विकल्प के तौर पर चुनता है। इसी आधार पर उन्होंने विपक्षी वोटों के बंटवारे से भाजपा को फायदा पहुंचाने वाले नैरेटिव को गलत बताया।
कांग्रेस को मिला ‘नया नैरेटिव’
अब कांग्रेस के कई नेताओं ने केजरीवाल के बयान को ही आम आदमी पार्टी के खिलाफ राजनीतिक हथियार बना लिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केजरीवाल के बयान से उनके पुराने दावे को बल मिलता है कि आम आदमी पार्टी भाजपा और आरएसएस के हित में काम करती है। दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव ने केजरीवाल के बयान को कांग्रेस के दावे की पुष्टि बताया। यादव ने सोशल मीडिया पर केजरीवाल का बयान साझा करते हुए उन पर निशाना साधा। देवेंद्र यादव ने लिखा, ‘केजरीवाल ने बोला पहली बार सच। खुद ही बता रहे हैं कैसे वो बीजेपी की बी टीम हैं। सुनिए…’
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- ‘RSS का छोटा रिचार्ज’
कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने भी केजरीवाल के बयान को आधार बनाकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में मौजूदा लड़ाई केवल राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि दो विचारधाराओं के बीच है। श्रीनेत ने सवाल किया कि भाजपा की विचारधारा वाले लोग आम आदमी पार्टी के साथ इतने सहज क्यों हैं। उन्होंने तंज कसते हुए केजरीवाल को ‘RSS का छोटा रिचार्ज’ भी कहा।
पवन खेड़ा बोले- ‘पहली बार ईमानदारी दिखाई’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने भी केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पहली बार ईमानदारी दिखाई और यह स्वीकार किया कि उनके और भाजपा के बीच ज्यादा अंतर नहीं है। मीडिया से बातचीत में खेड़ा ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि जो व्यक्ति भाजपा को वोट देता है लेकिन उसे वोट नहीं देना चाहता, वह आम आदमी पार्टी को वोट देगा। खेड़ा ने इसी बयान को आधार बनाकर कहा कि केजरीवाल ने पहली बार इस बात को स्वीकार किया है।
AAP ने किया पलटवार
कांग्रेस के हमलों के बीच आम आदमी पार्टी ने भी पलटवार किया। पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा केवल सोशल मीडिया तक सीमित रह गई है और जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि बिहार, बंगाल और दिल्ली में कांग्रेस की विचारधारा जमीन पर नजर नहीं आई। उन्होंने पंजाब का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर तंज कसा। उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी को उन लोगों के लिए भी काम करना है जो राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहते हैं और उन लोगों के लिए भी जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गप्पू’ कहते हैं। उन्होंने कहा कि देश सभी लोगों से मिलकर बनता है। इस तरह AAP ने कांग्रेस के ‘बी टीम’ वाले हमले का जवाब देते हुए अपनी राजनीति को सभी वर्गों और अलग-अलग विचार रखने वाले लोगों के लिए काम करने वाली राजनीति बताया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



