समीर शेख, बड़वानी। नगर पालिका परिषद में सोमवार को होने वाली बैठक से पहले ही राजनीतिक हंगामा शुरू हो गया। एजेंडा से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष समेत कांग्रेस पार्षद नगर पालिका गेट पर धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक चले इस धरने से पालिका परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा।
नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि नगर पालिका ने 7 सितंबर को दोपहर 3 बजे परिषद की बैठक बुलाई है। नियमों के मुताबिक, बैठक के मुद्दों का अध्ययन करने के लिए वार्ड-14 की पार्षद रीना हेमंत कुमरावत ने 27 अगस्त को लिखित आवेदन देकर एजेंडा से संबंधित सभी प्रस्ताव, एस्टीमेट और वित्तीय मंजूरी के दस्तावेज मांगे थे।
आरोप है कि 11 दिन बीतने के बाद भी एक भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। रविवार को जाधव खुद पार्षद प्रतिनिधि के साथ नपा कार्यालय पहुंचे, तो कर्मचारियों ने कहा कि अभी यहां कोई नहीं है। सीएमओ सोनाली शर्मा को फोन लगाया तो उनका मोबाइल बंद मिला। अधिकारी बलिराम मंडलोई ने फोन पर कहा कि मैं बाहर हूं, कल देता हूं।
जाधव ने कहा कि यह पूरी तरह लोकतंत्र के खिलाफ है। जनप्रतिनिधियों को जानबूझकर अंधेरे में रखा जा रहा है। बिना कागज देखे हम जनहित के प्रस्तावों को कैसे मंजूरी दे दें? हमारी मांग है कि या तो बैठक टाल दी जाए या बैठक से पहले सभी दस्तावेज लिखित में दिए जाएं।दूसरी ओर, सत्ता पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताया है।
नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने कहा कि 23 अगस्त को ही सभी पार्षदों को एजेंडा बांट दिया गया था। इसकी रसीद हमारे पास है। बैठक तय समय पर ही होगी।बहरहाल, बैठक शुरू होने से पहले ही पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



