Congress Delhi Rally 2026: कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मुहिम के तहत 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल रविवार को जयपुर पहुंचे और कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने दावा किया कि रैली में राजस्थान से एक लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे, जबकि देशभर से 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

राजस्थान कांग्रेस को एक लाख कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली की महारैली किसी व्यक्ति या पार्टी के लिए नहीं, बल्कि आम मतदाता के वोट की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के साथ हरियाणा को भी एक-एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। वेणुगोपाल के मुताबिक, रामलीला मैदान में होने वाली रैली के साथ पैदल मार्च भी आयोजित किया जाएगा।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

केसी वेणुगोपाल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि चुनाव आयोग के फैसलों में लगातार नए संशोधन सामने आ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक ऐसा नहीं होता, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की है।

राहुल गांधी के विदेश दौरे पर भी दिया जवाब

राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर वेणुगोपाल ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी के दौरे के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर ध्यान देना चाहिए। दिल्ली के व्यापारियों की ओर से राहुल गांधी को लिखे गए पत्र पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। वेणुगोपाल ने दावा किया कि महारैली में देशभर से आने वाले लोगों की वजह से दिल्ली के कारोबार को फायदा होगा, क्योंकि बाहर से आने वाले लोग खरीदारी भी करेंगे।

डोटासरा, गहलोत और पायलट समेत कई नेता बैठक में शामिल

दिल्ली महारैली की तैयारियों को लेकर जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट शामिल हुए। बैठक में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित जिलाध्यक्षों, विधायकों और सांसदों ने भी हिस्सा लिया। केसी वेणुगोपाल ने नेताओं से तैयारियों का फीडबैक लिया और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के निर्देश दिए। अब कांग्रेस की नजर 1 नवंबर को होने वाली महारैली पर है। पार्टी ने इसे मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा अभियान बताया है और राजस्थान से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।

पढ़ें ये खबरें