कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इस चुनावी मुकाबले कांग्रेस के चार में से 3 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित कर दिए गए हैं। खास बात ये रही कि कांग्रेस के तीनों प्रत्याशियों यानी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और सीनियर नेता मंसूर अली खान निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसके अलावा, BJP के उम्मीदवार एम. नागराज भी निर्विरोध चुने लिए गए हैं। इस परिणाम ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक तस्वीर को साफ तौर पर सामने रख दिया है।

कर्नाटक में सभी उम्मीदवार निर्विरोध क्यों हुए निर्वाचित?

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मैदान में जितने उम्मीदवार बचे, सीटों की संख्या भी उतनी ही रही। ऐसे में चुनाव आयोग को मतदान कराने की जरूरत नहीं पड़ी। किसी भी दल ने अतिरिक्त उम्मीदवार उतारकर मुकाबला खड़ा नहीं किया, जिसके चलते सभी प्रत्याशी सीधे निर्वाचित घोषित कर दिए गए।इस रिजल्ट के साथ ही कांग्रेस ने कर्नाटक में अपनी मजबूत सियासी स्थिति का एक बार फिर से प्रदर्शन किया है।

कांग्रेस के तीनों चेहरे पहुंचे राज्यसभा

कांग्रेस के लिए यह परिणाम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता मंसूर अली खान राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। खासकर खरगे और पवन खेड़ा का संसद के उच्च सदन में पहुंचना कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंसूर अली खान का चयन कांग्रेस की सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा है, जिससे पार्टी विभिन्न वर्गों के बीच अपना प्रभाव और मजबूत करना चाहती है।

बीजेपी को भी मिली एक सीट

वहीं भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एम. नागराज भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विधानसभा में अपने संख्याबल के आधार पर बीजेपी ने एक सीट पर दावा किया था और उसे सफलता भी मिली। इससे पार्टी को राज्यसभा में अपना प्रतिनिधित्व बनाए रखने में मदद मिलेगी।

क्या संकेत देते हैं ये नतीजे?

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह परिणाम कर्नाटक में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। राज्य में सत्ता में होने का फायदा पार्टी को साफ तौर पर मिला है। राज्यसभा की इन चार सीटों पर निर्विरोध जीत ने कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव और विपक्षी दलों की रणनीतिक सीमाओं को भी उजागर कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m